एन ए आई ब्यूरो
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज शाम दूसरा टी 20 खेला जाएगा। बता दें कि हाथों बीते पांच वर्षों से कोई सीरीज नहीं हारा है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश से धुल चुका है और अब सिर्फ दो मैच बचे हैं। भारत के सामने सिर्फ सीरीज जीतने की ही चुनौती नहीं है, बल्कि अगले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले उसे सिर्फ पांच टी20 मैच खेलने हैं। इन्हीं पांच टी20 के दम पर भारत को विश्व कप के लिए अपनी टीम चुननी है।
डरबन में बारिश के कारण दोनों कप्तान सूर्यकुमार यादव और एडेन मार्करम टॉस के लिए भी नहीं उतर सके थे। पहले पोर्ट एलिजाबेथ के नाम से विख्यात गकेबरहा के सेंट जॉर्जेस पार्क में भी हालात अच्छे नहीं हैं। यहां भी मंगलवार को बारिश की संभावना जताई जा रही है। भारत को इन दो टी20 के बाद अगले माह अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलने हैं।

छह माह बाद होने वाले विश्व कप के लिए अभी तक के प्रदर्शन के आधार पर सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह को बल्लेबाजी में टीम का पक्का दावेदार माना जा सकता है। शुभमन गिल विश्व कप के बाद से नहीं खेले हैं। यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रन बनाए हैं, लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली के टी20 विश्व कप में उपलब्ध होने पर इन दोनों बल्लेबाजों को आईपीएल में अपना दावा पेश करने के लिए असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
वैसे विश्व कप से पहले भारतीय दल के टी20 कार्यक्रम निर्धारण पर सवालिया निशान लग गए हैं। रिंकू की तरह जितेश शर्मा को भी फिनिशर के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन उन्हें अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए मैच चाहिए हैं। उन्हें उम्मीद होगी कि अगले दो मैचों में उन्हें मौका मिलना चाहिए।

आज का मैच जीतने वाली टीम 3 टी-20 की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर लेगी। इस मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला खेला जा रहा है। ऐसे में टीम इंडिया की यंग ब्रिगेड जीत हासिल कर बढ़त हासिल करना चाहेगी। दूसरी ओर मेजबान टीम सीरीज में आगे होना चाहेगी।
भारत और साउथ अफ्रीका टीम के बीच अब तक टी-20 फॉर्मेट में कुल 8 सीरीज खेली गई हैं। इसमें चार भारत जीता और 2 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ भी रहीं। दोनों के बीच कुल 25 मैच हुए, 13 में भारत और 10 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली।
पोर्ट एलिजाबेथ पर दोनों टीमें आपस में पहला मुकाबला खेलने जा रही हैं। यहां अब तक 8 टी-20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। 4 में पहले बैटिंग करने वाली और 4 में रन चेज करने वाली टीम को जीत मिली।
पहली पारी का एवरेज टोटल 130 रन का है, जबकि दूसरी पारी में औसतन 111 रन बने। ऐसे में यहां लो स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा रही है। पिच गेंदबाजों को मदद कर सकती है।
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी चोट की वजह से टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका के क्रिकेट बोर्ड क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने शनिवार को इसकी जानकारी दी थी। एनगिडी की जगह तेज गेंदबाज ब्यूरन हेंड्रिक्स को शामिल किया गया।
