Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

शिमला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य हिमाचल की बेटी रेणुका सिंह ठाकुर को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की। रेणुका जिला शिमला के रोहडू़ से संबंध रखती हैं। मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से रेणुका सिंह को टीम सहित पहला विश्व कप जीत कर इतिहास रचने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल क्रिकेट मैच देखे और इन मैचों में भारत की महिला टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।  उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल को रेणुका की इस उपलब्धि पर गर्व है और उन्होंने प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है। उधर, भारतीय टीम की जीत की खुशी में सोमवार को रेणुका सिंह के गांव व घर पर नाटियों का खूब दाैर चला। इस दाैरान परिवार के सदस्यों व गांव के लोगों ने नाटियां डालीं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा समर्पण से लड़कियां अपने जीवन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरणा प्राप्त करेंगी। सीएम ने कहा कि रोहड़ू की बेटी रेणुका ठाकुर ने वो सपना पूरा कर दिखाया, जो हर पहाड़ की बेटी देखती है। रेणुका ने दिखाया कि जुनून और विश्वास से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।  सीएम ने कहा कि रेणुका के स्वर्गीय पिता को नमन, जिनकी प्रेरणा आज पूरे हिमाचल का अभिमान बनी है।

Leave a Reply