एन ए आई ब्यूरो।
ठियोग/ टियाली, जयेश्वरी देवी काली माता दलैया के टियाली स्थित मंदिर के जीर्णोद्धार होने के पश्चात आज लगभग 28 फीट देवदार की लंबी शिखा को मंदिर पुजारी, कारदार एवम स्थानीय लोगों द्वारा मंदिर के ऊपर लगा दिया गया। पूर्ण देव विधान एवम लौकिक विधि से मंत्रोचारण द्वारा शिखा को मंदिर के सबसे ऊपरी भाग पर लगाया गया।
मंदिर के वजीर एवम मंदिर कमेटी के प्रधान लायक राम शर्मा और वजीर ओम प्रकाश शर्मा ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया।
उन्होंने इस क्षण को ऐतिहासिक बताया क्यूंकि ये शिखा लगभग 200 साल के अंतराल के बाद बदली गई है।
उन्होंने बताया की 1813 में गोरखों के द्वारा लूटपाट और आक्रमण से बचने के लिए, दलैया मंदिर के आसपास जंगल होने और ज्यादा बर्फ पड़ने के कारण और माता के सभी सामान की सुरक्षा के लिए माता का एक और मंदिर दलैया के बाद टियाली जगह पर बनाया गया था। उसी समय के आसपास मंदिर परिसर के शिखर पर शिखा लगाई गई थी।
उसके बाद 1978 में टियाली मंदिर का जीर्णीधार किया गया लेकिन उस समय शिखा को नहीं बदला गया था। अब करीबन 46 साल बाद फिर से मंदिर की छत का जीर्णोधार किया गया जिसके जीर्णोधार में लगभग 3 वर्ष लगे और 12 अप्रैल 2024 को नवरात्रि की शुभ बेला में टियाली मंदिर की शिखा बदल दी गई। इस उपलक्ष पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। शाम तक करीब 3000 लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसी दौरान बातचीत में उन्होंने शिखा पर लगने वाले कलश के इतिहास और महत्व के बारे में भी बताया।
