एन ए आई, ब्यूरो।
सिरमौर, सोलन-नेरीपुल मार्ग पर शिलाबाग के समीप एक पिकअप के खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन ले जाया गया। रविवार को करीब एक बजे पिकअप जीप (एचपी 16-0228) शिलाबाग के पास करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में चार व्यक्ति सवार थे।
भूपेंद्र ठाकुर (27) उर्फ (मीनू) पुत्र तारा सिंह, आदर्श ठाकुर पुत्र मोहर सिंह ग्राम क्लयोपाब डाकघर कोटला बांगी तहसील राजगढ़ की मौके पर मौत हो गई। जबकि सुरेश कुमार पुत्र रोशन लाल आयु 35 वर्ष, जितेंद्र ठाकुर पुत्र तारा सिंह ग्राम क्लयोपाब आयु 29 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन ले जाया गया। गाड़ी परवाणु से क्लयोपाब आ रही थी, इसमें घर का सामान सीमेंट व चादरें लदी हुईं थीं। डीएसपी अरुण मोदी ने बताया कि स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए है। एसडीएम यादविंद्रपाल ने प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की है।
