एन ए आई, ब्यूरो।
कसौली, सोलन जिला में कसौली के साथ लगते शक्तिघाट जुब्बड़ में शुक्रवार सुबह बिजली के ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे साथ लगते जंगल मे आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि सड़क पर बने मकानों के लिए खतरा पैदा हो गया। लोगों ने मिल कर इस पर काबू पाने की कोशिश की।
साथ ही लोगों ने कुठाड़ फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने से कुछ चीड़ के पौधे जल गए। फायर ब्रिग्रेड कुठाड़ के लीडिंग फायर मैन राजेश शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पहुंचते ही टीम ने आग पर काबू पा लिया। इससे जंगल को और जलने से बचा लिया गया। वहीं रिहायशी मकानों को भी खतरे से बचाया गया। बता दें कि सोलन जिले में पिछले 2 माह से बारिश नहीं हुई है। इससे चीड़ के जंगलों में आग भड़कने की आशंका बनी हुई है। शॉर्ट सर्किट होने से पेड़ की पत्तियों ने आग पकड़ ली।
