Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

सिरमौर, हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में सिविल अस्पताल राजगढ़ में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल के टॉयलेट में एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे एक सफाई कर्मचारी रोज की तरह टॉयलेट की सफाई करने पहुंचा।

सफाई के दौरान उसकी नजर टॉयलेट सीट में फंसी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। जब उसने ध्यान से देखा तो वह एक नवजात शिशु का शव था। यह दृश्य देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए और उसने तुरंत स्टाफ नर्स व डॉक्टरों को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद यहां फेंका गया हो सकता है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। यह घटना न केवल इंसानियत को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज के संवेदनशील पहलुओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर किन परिस्थितियों में किसी ने इस मासूम को इस तरह छोड़ दिया, यह अब जांच का विषय बन गया है।
पुलिस ने अस्पताल के स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस अमानवीय कृत्य के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जा सके।

Leave a Reply