Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर बिलासपुर जिला की अंतिम टनल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सुबह करीब साढ़े सात बजे टनल नंबर-1 में दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कार नंबर सीएच 01 एआर 6913 और दूसरी कार यूपी 16 ईएफ 8089 सुरंग में आमने-सामने भिड़ गईं। दोनों वाहनों में कुल छह लोग सवार थे।

हादसे की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय शुभम पुत्र संजय कुमार, निवासी गांव चक्का, डाकघर मकरेड़ी, तहसील जोगेंद्रनगर, जिला मंडी को एंबुलेंस की मदद से तुरंत एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दूसरी कार में चार लोग सवार थे। इनमें से 32 वर्षीय सपना और 38 वर्षीय सचिन को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य दो लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सारी जांच की जा रही है।

Leave a Reply