Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

कुल्लू, कुल्लू जिला के अंतर्गत पुलिस ने 3 अलग-अलग मामलों में चिट्टे व चरस के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में भुंतर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान नशे के 2 सौदागरों को 7.39 ग्राम चिट्टे और 12500 रुपए की नकदी के साथ काबू किया है। ये दोनों चिट्टे के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान शिवा शर्मा (39) पुत्र संजय शर्मा निवासी वार्ड नंबर-7 पारला भुंतर व अमरजोत सिंह (39) पुत्र स्वर्गीय हकम सिंह निवासी मकान नंबर-105, प्रताप नगर संगरूर पंजाब के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अमरजोत पारला भुंतर के शिव को नशे की सप्लाई करने आल्टो कार में आया था। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दोनों को चिट्टे और नकदी के साथ दबोच लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार को भी जब्त कर लिया है। बताया गया है कि पारला भुंतर में रहने वाला शिव शर्मा चिट्टे को परचून में बेचने का काम करता है। यह आरोपी पहले भी कई बार नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं थाना प्रभारी भुंतर रामलाल ठाकुर ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

दूसरे मामले में मणिकर्ण क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली पुलिस चौकी जरी की टीम ने ढूंकरा में नाकाबंदी के दौरान  एक युवक से 138 ग्राम चरस बरामद की है। आराेपी युवक की पहचान अनुराग (22) पुत्र अनिल सिंह निवासी डी- ब्लॉक, गली नंबर-3, मकान नंबर-133, संगम विहार, हमदर्द नगर साऊथ दिल्ली के रूप में की गई है। आरोपी काे गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पुलिस थाना मणिकर्ण में धारा 20 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। तीसरे मामले में  मनाली पुलिस ने एक लड़के को 520 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। आरोपी लड़का मंडी जिले के थाची इलाके का रहने वाला है।

Leave a Reply