एन ए आई ब्यूरो
मार्च के महीने में साल 2024 का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह चंद्र ग्रहण 25 मार्च को लगेगा। इसी दिन होली का त्योहार भी है। वैसे तो चंद्र ग्रहण एक भौगोलिक घटना है, लेकिन ज्योतिष की दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि पूर्णिमा की रात राहु और केतु चंद्रमा को निगलने की कोशिश करते हैं, इसलिए चंद्रमा पर ग्रहण लगता है। ग्रहण की घटना को शुभ नहीं माना जाता है। इसका असर सभी राशियों पर पड़ता है।
कब लगेगा पहला चंद्र ग्रहण 2024
साल का पहला चंद्र ग्रहण 25 मार्च को लगेगा। यह एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण है, जिसे भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यह चंद्र ग्रहण 25 मार्च को सुबह 10 बजकर 23 मिनट से शुरू होगा, जो दोपहर 03 बजकर 02 मिनट तक रहेगा।
पहले चंद्र ग्रहण के सूतक काल का भारत में असर
चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण के समय से 9 घंटे पूर्व ही प्रारंभ हो जाता है, लेकिन इस चंद्र ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा, जिस कारण से इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। साथ ही इसका प्रभाव भी होली के त्योहार पर नहीं होगा, इसलिए आप बिना किसी चिंता के होली का त्योहार मना सकते हैं।
कहां दिखेगा पहला चंद्र ग्रहण
25 मार्च को होली पर लगने वाले पहले चंद्र ग्रहण को आयरलैंड, इंग्लैंड, स्पेन, पुर्तगाल, हॉलैंड, बेल्जियम, नार्वे, स्विट्जरलैंड, इटली, जर्मनी, फ्रांस, अमेरिका, जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, प्रशांत, अटलांटिक, आर्कटिक और अंटार्कटिका के हिस्सों में देखा जा सकेगा।

