एन ए आई ब्यूरो, धर्मशाला।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 17 व 19 मई को आईपीएल मैच खेले जाने है। आईपीएल मुकाबलों को लेकर सुरक्षा का जिम्मा 1200 पुलिस जवान संभालेंगे। मैच से पहले प्री-मैच सिक्योरिटी के लिए जवान रविवार से तैनात हो गए हैं। मैच के आयोजन को लेकर शहर को 4 सैक्टर में बांटा गया है। इसमें पहला सैक्टर स्टेडियम परिसर, दूसरा ट्रैफिक और पार्किंग, तीसरा स्टेकहोल्डर्स के ठहरने वाला स्थल और चौथा सैक्टर खिलाड़ियों के ठहरने वाला स्थल होगा। आईपीएल मैच आयोजन को लेकर 1200 पुलिस जवानों के अतिरिक्त धर्मशाला, मैक्लोडगंज, कांगड़ा व गग्गल पुलिस थाना के स्टाफ को भी मैच ड्यूटी के लिए तैनात किया है।

आपको बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों के लिए पंजाब किंग्स की टीम रविवार दोपहर बाद धर्मशाला पहुंच गई। टीम दोपहर बाद 2 बजे गग्गल एयरपोर्ट से कंडी स्थित होटल रवाना हुई। दिल्ली की टीम सोमवार को धर्मशाला पहुंचेगी।

पंजाब किंग्स की टीम सोमवार को शाम 6 बजे से रात 9 बजे स्टेडियम में अभ्यास करेगी। 17 मई को पंजाब किंग्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स की टीम से है।
