एन ए आई, ब्यूरो।
चंबा, हिमाचल के जिला चंबा की चुराह घाटी में सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने से गाड़ी ड्राइवर की जान चली गई। पुलिस थाना तीसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यह वाहन दुर्घटना उस वक्त घटी जब सूमो गाड़ी नंबर HP-01C-5600 जुनास-तलेरा मार्ग पर से गुजर रही थी, तो बारिश व बर्फबारी के चलते वह फिसल कर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
वहीं खेत में काम कर रहें किशन चंद पुत्र नंद लाल निवासी गांव सुईला डाकघर तरेला ने गाड़ी को गिरता हुआ देखा और तुंरत दुर्घटनास्थल पर पहुंचा। गाड़ी के भीतर घायल अवस्था में पड़े गाड़ी चालक को बाहर निकाल कर उसे तीसा अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। तीसा अस्पताल में डयूटी पर तैनात चिकित्सक ने गाड़ी चालक को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया और जांच करने पर मृतक गाड़ी चालक की पहचान 50 वर्षीय चेतू पुत्र जालम निवासी गांव सुईला डाकघर तरेला तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी किशन चंद पुत्र नंद लाल निवासी गांव सुईला के ब्यान के आधार पर मृतक गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही के साथ वाहन चलाने व दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया है। चुराह उप मंडल प्रशासन ने प्रभावित परिवार को फौरी राहत राशि जारी कर दी है। मामले की पुष्टि SP चंबा अभिषेक यादव ने की।




