एन ए आई, ब्यूरो।
बिलासपुर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर को केंद्र सरकार ने नवजात गहन चिकित्सा इकाई (निकू) शुरू करने के लिए मंजूरी दे दी है। एक सप्ताह में इसकी बजट संबंधी प्रक्रिया पूरी होगी और इसके लिए एम्स परिसर में ही जगह चिह्नित की जाएगी। अगले दो हफ्तों में एम्स के गायनी विभाग में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। एम्स प्रबंधन ने बिलासपुर में नवजात गहन चिकित्सा इकाई शुरू करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिली है। इस इकाई को स्थापित करने के लिए अलग से बजट मिलेगा।
अभी तक प्रदेश में मेडिकल कॉलेज टांडा, शिमला और नेरचौक में इसकी सुविधा है। बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए इस इकाई में ऐसे कई अत्याधुनिक उपकरण होते हैं, जिनकी मदद से बच्चे का इलाज किया जाता है। इनमें शिशु वार्मर, इन्क्यूबेटर्स, फोटोथेरेपी, मॉनिटर, फीडिंग ट्यूब, आईवीएस, रेखाएं वेंटिलेटर मुख्य हैं। अस्पताल में बीमार या समय से पहले जन्मे बच्चे की देखभाल के लिए यह इकाई होती है। इसके अलावा एम्स में आगामी 15 दिन में गायनी विभाग में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
