एन ए आई, ब्यूरो।
शिमला, हिमाचल प्रदेश सरकार के इतिहास में सबसे युवा मंत्री बने विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अब केवल मन की बात नहीं होगी। कांग्रेस सरकार जनता की आवाज सुनेगी। हर पिता अपने बच्चों को आगे बढ़ता हुआ देखना चाहता है। मुझे पूरा विश्वास है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की आत्मा को आज सुकून मिला होगा। विक्रमादित्य सिंह ने वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की बात भी दोहराई। सोमवार को राज्य सचिवालय स्थित कार्यालय में पूजा-अर्चना कर विक्रमादित्य सिंह ने कार्यभार संभाला।
छोटा शिमला डाकघर से विक्रमादित्य सिंह को समर्थक कंधों पर उठाकर सचिवालय तक लाए। इस दौरान समर्थकों ने खूब नाटी भी डाली। विक्रमादित्य सिंह जिंदाबाद और वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारे भी समर्थकों ने लगाए। समर्थकों ने उन्हें चांदी का मुकुट भी पहनाया।
सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूरा प्रदेश हमारे लिए एक है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग महत्वपूर्ण होते हैं। पार्टी हाईकमान जो भी महकमा देगी, उस पर पूरी निष्ठा और योग्यता से कार्य किया जाएगा। कांग्रेस सरकार अपने सभी वायदे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि मेरी भूमिका एक जैसी रहेगी। जैसा मैं विपक्ष में रहते हुआ था वैसे ही सत्ता के दौरान भी रहूंगा।
गलत को गलत कहूंगा और सही को सही। अगर सरकार के स्तर पर कुछ कमी रहेगी तो उसे मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि छोटी उम्र में मुझे मंत्री पद मिला है। कुछ गलतियां हो सकती हैं। सभी लोगों से मार्गदर्शन भी चाहूंगा। सरकार के सामने कई प्रकार की चुनौतियां हैं। मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर इन पर चर्चा की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विक्रमादित्य सिंह के कार्यालय जाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। विधायक हरीश जनारथा, आशीष बुटेल, भवानी पठानिया, नंदलाल, कुलदीप राठौर भी उन्हें मिलने गए। पूर्व विधायक सोहन लाल, बंबर ठाकुर के अलावा गणेश दत्त ने भी बधाई दी।
