एन ए आई, ब्यूरो।
शिमला, नए साल पर केंद्र सरकार ने हिमाचल के नेशनल फूड सिक्योरटी एक्ट (NFSA) लाभार्थियों को महंगाई से बड़ी राहत प्रदान की है। पहली जनवरी से हिमाचल के लोगों को सालभर फ्री राशन मिलेगा।
इसमें केंद्र की मोदी सरकार लोगों को गेहूं, आटा और चावल देगी। केन्द्र सरकार ने NFSA (राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम) के तहत मिलने वाला राशन मुफ्त उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।
केंद्र सरकार पहले प्रदेश में NFSA उपभोक्ताओं को गेहूं 2 रुपए प्रति किलो, फोर्टिफाइड आटा 3.20 रुपए प्रति किलो और चावल 3 रुपए प्रति किलो की दर से देती थी। अब केन्द्र सरकार ने निर्णय लिया है कि हिमाचल में NFSA उपभोक्ताओं को गेहूं, आटा और चावल फ्री दिया जाएगा।
उपभोक्ताओं को गेहूं को आटे में परिवर्तित करने में लगने वाली राशि 1.20 रुपए प्रति किलो की दर से वहन करनी होगी। इस सम्बन्ध में सभी डिपो को जिला नियंत्रक के माध्यम से आदेश जारी किए गए हैं। लोग पहली जनवरी से उचित मूल्य दुकानधारक से NFSA के तहत मुफ्त प्रदान किए जाने वाले खाद्यान्न प्राप्त करें।
प्रदेश में कोई भी डिपो धारक अगर NFSA के लाभार्थी को फ्री में राशन देने से इनकार करता है या किसी भी तरह की आनाकानी करता है तो लाभार्थी इसकी शिकायत भी कर सकता है। इसके लिए विभाग के टोल फ्री नम्बर-1967 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
प्रदेश में 5155 उचित मूल्य की दुकानें और 121 गोदाम हैं, जिके माध्यम से लोगों को फ्री राशन दिया जाएगा । यहां बता दें कि प्रदेश में कुल 19,62,932 कार्ड धारक हैं, जिसमें से प्रदेश में 30,40,402 व्यक्ति NFSA के लाभार्थी हैं।
