एन ए आई, ब्यूरो।
शिमला, हिमाचल प्रदेश में आखिरकार आसमान से राहत बरसी है। राज्य में रात से बारिश-बर्फबारी हो रही है। प्रदेश की राजधानी शिमला सहित, मनाली, नारकंडा, कुफरी, चायल, डलहाैजी, कल्पा के साथ रिहायशी इलाकों में यह इस सीजन की पहली बर्फबारी है। शिमला, चंबा, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति व किन्नाैर के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही रात से ही तेज हवाएं चल रही हैं। शिमला में बर्फीले तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। ताजा बारिश-बर्फबारी से प्रदेश के किसान-बागवानों सहित पर्यटन कारोबारियों व सैलानियों के चेहरे खिल गए हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज कई इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट है।
बर्फबारी से कई इलाकों में सड़कें, बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सोलन के बड़ोग, कसाैली के अलावा शिमला जिले के नेरवा जैसे कम ऊंचाई वाले इलाके में भी हल्की बर्फबारी हुई।
लुधियाना से आए कुछ सैलानियों ने बताया के वो शिमला कल सुबह घूमने आए थे और उन्हें अंदाजा भी नहीं था के आज बर्फ पड़ जाएगी, एक तरफ जहां उन्हें अचानक से मिली इस खुशी ने मंत्रमुग्ध किया वही दूसरी ओर उनकी कार ऐसी जगह पर फंसी की निकालनी मुश्किल हो गई।
