एन ए आई, ब्यूरो।
किन्नौर, हिमाचल के जिला किन्नौर के पूह में भगत नाले के पास एक मारुति कार 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे CHC पूह में उपचार के बाद रिकांगपिओ अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात पूह से आकपा की ओर एक मारुति कार आ रही थी। जैसे ही गाड़ी भगत नाले के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और कार नेशनल हाईवे से 100 मीटर नीचे सतलुज नदी के किनारे जा गिरी। हादसे में घायल अनूप नेगी ने इसकी सूचना पुलिस थाना पूह को दी।
सूचना मिलते ही थाने से ASI खमेश शर्मा की अगुवाई में मुख्य आरक्षी विशाल और मुख्य आरक्षी मंगलेश की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से हादसाग्रस्त लोगों को सड़क तक पहुंचाया और अस्पताल लाए। हादसे में चालक राज बहादुर नेगी (44) निवासी गांव आकपा, जिला किन्नौर की मौत हुई है। अनूप नेगी (34) निवासी गांव आकपा जिला किन्नौर घायल हुए हैं।
घायल अनूप नेगी का रिकांगपिओ अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक राज का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे की पुष्टि SP किन्नौर विवेक चहल ने की। उन्होंने बताया कि हाईवे से एक कार नीचे सतलुज के किनारे आकर गिरी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई और अन्य व्यक्ति घायल है। उसका उपचार रिकांगपयो अस्पताल में चल रहा है।
