Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

शिमला, 23 दिसम्‍बर, 2022 को केन्‍द्रीय आलू अनुसंधान संस्‍थान, शिमला ‘किसान दिवस’ के अवसर पर एक ‘किसान मेला एवं प्रदर्शनी’ का आयोजन स्‍थानीय केन्‍द्रीय आलू अनुसंधान संस्‍थान, बैमलोई, शिमला में आयोजित करने जा रहा है। इसके अंतर्गत आलू उत्‍पादन के क्षेत्र में किसानों के लिए किए गए कार्यों के विवरण का व्‍याख्‍यान भी दिया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला की विभिन्‍न पंचायतों के लगभग 400 आलू उत्‍पादक किसानों के भाग लेने की उम्‍मीद है।

उक्‍त ‘किसान मेला एवं प्रदर्शनी’ राज्‍य के अनुसूचित जाति से संबंधित किसानों के लिए भारत सरकार की अनुसूचित जाति उप-योजना (SCSP) के तहत आयोजित करवाया जा रहा है। उक्‍त मेले का शुभारम्‍भ प्रात: 10:00 बजे परिषद के गीत की प्रस्‍तुति एवं दीप प्रजवलित कर मुख्‍य अतिथि डा. राजेश्‍वर सिंह चन्‍देल, माननीय कुलपति डा. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्‍वविद्यालय, सोलन, हि.प्र. द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्‍ली के बागवानी विज्ञान के उपमहानिदेशक डा. आनंद कुमार सिंह समारोह की अध्‍यक्षता हेतु वर्चुअल माध्‍यम से जुड़ेंगे। संस्‍थान के निदेशक डा. देवेन्‍द्र कुमार सहित कार्यक्रम के संयोजक डा. ब्रजेश सिंह, सह-संयोजक डा. रविन्‍द्र कुमार एवं भारतीय आलू संघ के अध्‍यक्ष डा. नरेन्‍द्र कुमार पाण्‍डेय एवं संस्‍थान के समस्‍त अधिकारी/कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। गौरतलव है कि इस उपलक्ष पर संस्‍थान अपना ‘74वां स्‍थापना दिवस’ भी मनाने जा रहा है, जिस दौरान रेंकिंग के आधार पर संस्‍थान को गौरवान्वित करने वाले कर्मियों को भी सम्‍मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्‍थान के सर्वश्रेष्‍ठ कार्यकर्ता कर्मचारी/अधिकारी तथा उत्‍कृष्‍ट किसानों सहित संस्‍थान के खिलाडि़यों एवं सफाई कर्मचारियों को भी सम्‍मानित किया जाना है। उपरोक्‍त कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संस्‍थान स्‍तर पर विभिन्‍न प्रकार की 09 (नौ) कमेटियों का गठन किया गया है जो अपने-अपने स्‍तर पर बेहतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply