Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

शिमला, समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल में अवैध निर्माण को तोड़ने की मांग को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने संजौली बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संजौली चौक से ढली टनल और यहां से वापस संजौली चौक पर लोगों ने एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण दोपहर करीब डेढ़ घंटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बड़ी संख्या में लोग संजौली चौक में एकत्रित हुए। इसके बाद बाजार में विरोध रैली निकाली गई। इस दौरान पुलिस ने धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया था। सबसे पहले सैकड़ों की संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए ढली टनल की ओर रवाना हुए। इसके बाद दोबारा संजौली चौक पर पहुंचे। संजौली चौक लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर दो दिनों में अवैध निर्माण नहीं तोड़ा तो वे हजारों की संख्या में एकत्रित होकर दोबारा प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की।

लोगों में आक्रोश इस बात का था कि प्रशासन की आंखों के सामने सालों से अवैध निर्माण होता रहा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा लोगों ने प्रदेश सरकार से बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों को पंजीकरण करने और सड़कों के किनारे अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी सजाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि बाहर से आने वाले लोग शहर की कानून व्यवस्था को खराब कर रहे हैं। हिंदू जागरण मंच के पूर्व पदाधिकारी कमल गौतम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को नगर निगम आयुक्त की कोर्ट में इसकी सुनवाई होनी है। इसके बाद भी अगर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो लोग दोबारा हजारों की संख्या में प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी भाग लिया।

संजौली बाजार में प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। इस दौरान संजौली चौक पर क्यूआरटी के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ था। बाजार के अलावा लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी जाने वाले मार्ग के अलावा वॉकवे पर भी जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात थे। इसके अलावा विवादित धार्मिक स्थल के आसपास भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।

Leave a Reply