एन ए आई, ब्यूरो।
शिमला, लोक निर्माण विभाग एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में खराब हुईं सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सड़कों की मरम्मत के लिए धन का प्रावधान नाबार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं राज्य सरकार करेगी। वह जल्द केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। विक्रमादित्य ने शुक्रवार को मनाली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल में शीतकालीन खेलों की अपार संभावनाएं हैं।
मनाली में स्की रिजॉर्ट जैसी सुविधाएं होना जरूरी है। सरकार इसकी संभावनाएं तलाशेगी। कहा कि पहले भी वीरभद्र सरकार ने स्की विलेज बनाने का प्रयास किया था, लेकिन वह धरातल पर नहीं उतर पाया। सरकार शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देगी। मनाली हिमाचल का प्राथमिक क्षेत्र है। इसे व्यवस्थागत ढांचा और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए सरकार कदम उठाएगी। मनाली में अब पर्यटक सिर्फ सीजन में ही नहीं पूरा साल पर्यटक आते हैं। ऐसे में यहां यातायात की समस्या गंभीर है। उन्होंने इसके समाधान के निर्देश दिए। फोरलेन से क्लब हाउस तक बनने वासा बाईपास वन भूमि में बनेगा।
