Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

शिमला, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से दिल्ली में मुलाकात की। सीएम मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी प्रधानमंत्री से पहली शिष्टाचार भेंट होगी। मुख्यमंत्री एक बार पहले भी नई दिल्ली में पीएम मोदी से शिष्टाचार भेंट करने गए थे।

रविवार को दिल्ली पहुंचते ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने द्वारका में हिमाचल सरकार की जमीन का मुआयना किया। उन्होंने यहां पर आर्थिक संसाधनों को विकसित करने के लिए विभिन्न संभावित प्रोजेक्टों पर चर्चा की। सुक्खू ने इस दौरान अधिकारियों को देशभर में हिमाचल सरकार की संपत्तियों का ब्योरा देने और उनका प्रदेश की आमदनी को बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करने के निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल सदन में कई गणमान्य लोगों से भी मिले। इनमें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कई नेता और दिल्ली स्थित कई प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

सीएम सुक्खू आगामी दिनों में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में भी केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर सकते हैं। वह कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से भी मिल सकते हैं। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में मंत्रियों के अभी तीन पद खाली चल रहे हैं। इनके अलावा सुक्खू हिमाचल प्रदेश के विभिन्न बोर्डों और निगमों में अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की नियुक्तियों के बारे में भी हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं और दिल्ली से लौटने के बाद वे सरकार में इन पर फैसले ले सकते हैं।

Leave a Reply