Spread the love

एन ए आई, ब्यूरो।

राजस्थान, राजस्थान से दिल्ली लौटते वक्त शुक्रवार शाम हिमाचल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बस मनोहरपुर-कोथुन हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप सवार 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं हिमाचल के करीब 6 नेताओं को चोटें आई हैं। घायलों का जयपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, लाहौल स्पीति से कांग्रेस विधायक रवि ठाकुर के 28 कार्यकर्ताओं का डेलिगेशन भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान गया था । वापस लौटते समय रहा था। मनोहरपुर-कोथून नेशनल हाईवे पर मालगवास गांव के पास बस और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

हादसा सैंथल थाना के अंतर्गत दौसा में हुआ। दोनों गाड़ियों की रफ्तार तेज होने के कारण भिड़ंत के बाद तेज धमाका हुआ। आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली, सदर और सैंथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और पिकअप का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से एक-दूसरे में बुरी तरह से फंस गए। पिकअप में बैठे लोगों के शव अंदर ही फंस गए।

पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलवाकर दोनों गाड़ियों को अलग किया और फंसे शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बस से अपना सामान निकालकर सड़क किनारे रख दिया और बाद में दूसरे वाहन से रवाना हुए।

बता दें कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत सभी 40 विधायक भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने राजस्थान गए गए थे। सभी विधायकों ने भारत जोड़ो यात्रा के 100वें दिन राहुल गांधी के साथ पैदल यात्रा की।

प्रदेश के कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपने-अपने विधायकों के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने राजस्थान गए थे। वापसी में यह हादसा पेश हो गया।

हादसे में कांग्रेस के 6 कार्यकर्ता अनिल, शशि किरण, राजेंद्र, नोरबू, तोंजन और रतनलाल के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Leave a Reply