एन ए आई,ब्यूरो।
ऊना, सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संस्था हिमोत्कमर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद द्वारा आज जिला मुख्यालय के बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आई 51 विधवा एवं बेसहारा महिलाओं को 3 माह का राशन निशुल्क प्रदान किया। गौरतलब है कि हिमोत्कर्ष साहित्य एवं जन कल्याण परिषद द्वारा करीब 9 वर्ष से अमोदिनी प्रकल्प के तहत जिला भर की बेसहारा महिलाओं को राशन की मदद प्रदान की जाती है। वित्त वर्ष 2021 से 22 के लिए चुनी गई 51 महिलाओं को इस वर्ष की राशन की अंतिम खेप रविवार को प्रदान की गई। इस मौके पर डीसी राघव शर्मा की धर्मपत्नी स्वाति शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
वहीं हिमोत्कर्ष के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कंवर कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में वर्ष 2021-22 के लिए चयनित 51 पात्र विधवाओं को जनवरी, फरबरी व मार्च माह के राशन के रुप में 1500-1500 रुपए का राशन प्रत्येक को दिया गया। इसके साथ ही हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा आगामी वित्त वर्ष में जिला की 67 विधवा एवं बेसहारा महिलाओं को 750 रुपए का निशुल्क देने की घोषणा की। हिमोत्कर्ष के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए एडवोकेट स्वाति शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में संस्था बेहतरीन काम कर रही है।
उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हादसे से जिंदगी रुक नहीं जाती। वर्तमान समय में महिला समाज का समय है और महिलाओं को अपने साथ-साथ बच्चों का जीवन संवारने के लिए अपनी ही मेहनत को मौजूदा हालातों के अनुरूप ढालना है।