एन ए आई, ब्यूरो।
ऊना, हिमाचल प्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस ने सदैव हिमाचल को अप्पर ओर लोअर दो क्षेत्रों में बांटने का काम किया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला द्वारा वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल को चुनाव में कांग्रेस का हथियार बताए जाने के बाद सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पता नहीं राजीव शुक्ला वीरभद्र सिंह के किस विकास मॉडल की बात कर रहे हैं यह समझ से परे है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि वीरभद्र सिंह का कोई विकास मॉडल कभी भी प्रदेश में नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब-जब कांग्रेस की सरकारें सत्ता में आई तो हिमाचल प्रदेश को क्षेत्रवाद में बांटा गया। हालांकि भाजपा की सरकारों ने समूचे हिमाचल की कड़ियों को एक सूत्र में पिरो कर समान विकास करवाने को तरजीह दी है।
वहीं वित्त आयोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा से ठीक पूर्व लीक हुए प्रश्न पत्र को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने इस मामले की जांच को सीबीआई के सुपुर्द किए जाने का भी स्वागत किया। सतपाल सत्ती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही थी लेकिन जिस पर सवाल भी खड़े हुए इसी के मद्देनजर सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने कड़ी मेहनत करते हुए इस पुलिस भर्ती परीक्षा को उत्तीर्ण भी किया था, लेकिन चंद लोगों की वजह से इस परीक्षा को रद्द कर के नए सिरे से संचालित करने का फैसला लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सीबीआई इस मामले की जांच निष्पक्षता से करते हुए दूध का दूध और पानी का पानी करेगी।
सतपाल सिंह सत्ती (अध्यक्ष, राज्य वित्तायोग)