एन ए आई,ब्यूरो।
हरोली/ऊना, भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के मौके पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
हरोली उपमंडल मुख्यालय पर भाजपा के 42 वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने विशेष अतिथि के रुप में शिरकत की। इस मौके पर संजय टंडन ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अहम चुनावी टिप्स भी प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओ से केंद्र की मोदी और प्रदेश की जय राम सरकारों की जुगलबंदी से हो रहे विकास कार्यों और हर जन हितैषी योजना जनमानस तक पहुंचाने का आहवान किया। वहीँ संजय टंडन ने कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा के मिशन रिपीट को मुंगेरीलाल का सपना बताए जाने का जवाब देते हुए कहा कि हिमाचल कांग्रेस के नेता हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अपना हश्र देख लें। संजय टंडन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से सटे उत्तराखंड में भाजपा की सरकार ने मिशन रिपीट कामयाब किया है, हिमाचल प्रदेश में भाजपा दोबारा सत्ता में आ रही है। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की बढ़ती गतिविधियों को लेकर संजय टंडन ने कहा कि इस पार्टी का हिमाचल में कोई वजूद न तो पहले कभी था और न ही आगे कभी होगा।
औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रोफेसर रामकुमार ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज ही के दिन 1980 में मुंबई के एक अधिवेशन में भाजपा नाम के पौधे का रोपण किया गया था। भाजपा नाम का पौधा आज न सिर्फ भारत बल्कि विश्व भर में एक वट वृक्ष का रूप धारण कर चुका है। राम कुमार ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में किए गए तमाम विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी जनसभा में रखा।