एन ए आई ब्यूरो।
हिमाचल प्रदेश में हुए उप चुनाव में जितने के बाद कई कांग्रेसी नेता काफी उत्साह में है।इसी के बीच हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के संगठन में बदलाव की मांग को लेकर 10 विधायकों ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पक्ष में मिले इन विधायकों ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की और प्रदेश की राजनीति गरमा दी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिल्ली में हुए इस शक्ति प्रदर्शन से पार्टी के दूसरे नेताओं की धड़कने तेज हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात में विधायकों ने विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में बड़े बदलाव करने की वकालत की। विधायकों ने जल्द से जल्द संगठन को मजबूत करने के लिए बदलाव करने की मांग उठाते हुए सुक्खू को नेता विपक्ष या प्रदेश अध्यक्ष बनाने की पैरवी की।जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी समेत कांगड़ा, शिमला, सोलन और कुल्लू जिला से कई विधायक राजीव शुक्ला से मिले। सुक्खू गुट के इन विधायकों की कदमताल से प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में उबाल आ गया है। दूसरे धड़ों के विधायक और नेता भी दिन भी ये जानने में जुटे रहें कि कौन-कौन विधायक राजीव शुक्ला से मिले हैं। बीते दिनों में दिल्ली में ऑपरेशन करवाने के बाद से सुक्खू वहीं स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।उधर बुधवार यानी कल से नाहन में कांग्रेस का चार दिवसीय ट्रेनिंग कैंप शुरू हुआ जिसका शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने किया। इस अवसर पर कई अन्य नेता मौजूद रहे।