एन ए आई, ब्यूरो।
चिंतपूर्णी, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर एक दिवसीय प्रवास के दौरान चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के अंब पहुंचे। इस मौके पर स्थानीय विधायक बलबीर सिंह चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
उपमंडल मुख्यालय के मुख्य चौक से सभा स्थल तक मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को खुली जीप में बैंड बाजे के साथ लाया गया। दोनों नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र में कुल 199.52 करोड़ रुपये की 33 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किए। शिलान्यास व उद्घाटन करने के उपरांत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया, वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को बरसाती मेंढक करार देते हुए 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव में हुए पार्टी के हश्र की याद दिलाई।
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के कस्बा अंब में शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जनसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह चुनावी साल है और चुनाव के दिनों में इस तरह के छिटपुट दल अक्सर निकल कर सामने आते रहते हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की तुलना बरसाती मेंढक से करते हुए कहा कि हाल ही में हुए चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के अधिकांश प्रत्याशी जमानत तक जब्त करवा बैठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी धीरे-धीरे देश से सिमटती जा रही है। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 4 राज्यों में भाजपा की सरकार रिपीट हुई है उसी प्रकार इस साल के अंत में हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा एक बार फिर सत्ता की बागडोर संभालेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देश भर के 5 राज्य में हुए विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल के कांग्रेस नेता प्रचंड बहुमत से सरकार ने बनने के दावे करते नहीं थकते थे। लेकिन चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के नेता नज़र मिलाने से कतराते दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे भी भाजपा के ही पक्ष में आने वाले हैं।