एन ए आई ब्यूरो।
ऊना, ऊना ब्लॉक कांग्रेस ने आज जिला मुख्यालय पर भारी बारिश के बीच प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट कांड को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मुखर हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वहीं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार को कर्मचारी विरोधी करार देते हुए जमकर नारेबाजी की। जबकि विपक्ष के विधायकों और नेताओं की जासूसी करने का आरोप भी जयराम सरकार पर जड़ा गया। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार पर खनन माफिया को संरक्षण देने के भी आरोप जड़े। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सहोड़ ने मांग की है कि पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के चलते जान गवाने वाली 9 महिलाओं के परिजनों को 25-25 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी जानी चाहिए। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसी घटना में घायल हुए लोगों के लिए भी 10-10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग उठाई। उन्होंने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।