एन ए आई ब्यूरो।
ऊना, जिला मुख्यालय से सटे रामपुर में वीरवार को वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने करीब 2 करोड रुपए की लागत से बनने वाली अनाज मंडी के भवन का निर्माण कार्य भूमि पूजन करते हुए शुरू किया। कृषि विभाग के सौजन्य से बनाई जा रही इस अनाज मंडी के लिए करीब 80 कनाल भूमि हस्तांतरित की गई है। गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अनाज मंडी का शिलान्यास किया था। जिला में एक अस्थाई अनाज मंडी ना होने के चलते किसानों को अपनी पैदावार बेचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं सरकार पर भी अनाज मंडी के निर्माण का दबाव था। कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने इस अनाज मंडी के निर्माण के लिए 2 करोड रुपए का बजट स्वीकृत किया था। जिसमें से करीब 45 लाख रुपए की लागत से इस की बाउंड्री वॉल का काम पूरा किया जा चुका है। वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि इस अनाज मंडी के यहां फंक्शनल होने से स्थानीय किसानों को अपना अनाज बेचने के लिए न तो हरोली उपमंडल के कांगड़ जाना पड़ेगा और न अंब के टकारला। उन्होंने कहा कि इस अनाज मंडी का निर्माण कार्य पूरा कर समयबद्ध किसानों को समर्पित किया जाएगा।