एन ए आई ब्यूरो।
ऊना, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा राजीव गांधी और राहुल गांधी के रिश्तो को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस में आक्रोश पैदा हो गया है। रविवार को जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस से महिला और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ रोष रैली निकाली और रोटरी चौक तक गई इस रैली का समापन असम के सीएम का पुतला फूंक कर किया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने भाजपा पर भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के हनन का भी आरोप लगाया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के हर नागरिक का सम्मान करती है और कभी भी किसी पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी नहीं करती। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री द्वारा की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। निगम भंडारी ने इस मौके पर कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस मामले में दखल देते हुए असम के मुख्यमंत्री को माफी मांगने पर मजबूर करना चाहिए। अन्यथा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में ब्लाक स्तर पर असम के मुख्यमंत्री का विरोध करते हुए पुतले फूंकेगी।